फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह द्वारा आज दिनांक 07 नवम्बर 2025 को विभिन्न ब्लैक स्पॉट स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री सुभाष राजपूत, क्षेत्राधिकारी (मोहम्मदाबाद) श्री अजय वर्मा, एनएचएआई साइट इंजीनियर श्री विश्वास मिश्रा, लोक निर्माण विभाग (प्रान्तीय खण्ड) के अधिशासी अभियंता श्री मुरलीघर, एवं थानाध्यक्ष मोहम्मदाबाद सम्मिलित रहे।
निरीक्षण के दौरान जैतपुर, सकवई, रोहिला चौराहा सहित काली नदी पुल तक वेबर रोड का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जैतपुर ब्लैक स्पॉट पर दोनों लिंक मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाने तथा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र के बोर्ड व रिपीटेड बार लगाने के निर्देश दिये गये।
सकवई ब्लैक स्पॉट पर स्ट्रीट लाइट चालू कराने, कैट्स आई तथा रिपीटेड बार लगाने के निर्देश दिए गए।
रोहिला चौराहे पर दोनों ओर रिपीटेड बार, दुर्घटना चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर निर्माण एवं झाड़ियों की सफाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त संतोषपुर में भी संभावित दुर्घटना क्षेत्र का निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मोहम्मदाबाद से काली नदी पुल तक राजमार्ग पर गड्ढों की स्थिति पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की तथा जनपद के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों की रोड सेफ्टी ऑडिट एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सभी विभाग समन्वय से कार्य करें।
