फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 महान संत, सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आज जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह द्वारा सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंटल सेंटर, फतेहगढ़ स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर जयंती समारोह में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने गुरु नानक देव जी की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर नमन किया और प्रदेशवासियों व जनपदवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा में कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गुरुद्वारा में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया तथा भाईचारे, समानता और सेवा के संदेश पर चलने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन हमें सच्चाई, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव बनाए रखने के लिए मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रेजिमेंटल सेंटर के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
