फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अक्टूबर 2025 थाना मेरापुर क्षेत्रान्तर्गत संकिसा में चल रहे बौद्ध महोत्सव मेले के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह ने रविवार को मेला परिसर का पैदल निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, आवागमन, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा चिकित्सा दल को निरंतर सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों, चिकित्सा शिविरों, पेयजल व्यवस्था और पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
संकिसा बौद्ध महोत्सव में इन दिनों बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रशासन द्वारा उनकी सुविधा हेतु व्यापक प्रबंध किए गए हैं ताकि वे शांति और श्रद्धा के वातावरण में बौद्ध धर्म की शिक्षाओं से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
