फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मंगलवार को जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों चौराहर ढाईघाट एवं अजीजाबाद, तहसील कायमगंज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं और नदी कटान की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों को कटान से बचाने हेतु प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही की जाए। साथ ही तहसीलदार को निर्देशित किया गया कि सभी संवेदनशील गांवों में नाव एवं नाविकों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा राहत शरणालयों एवं बाढ़ चौकियों पर आवश्यक सुविधाएं तत्काल मुहैया कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में आवश्यक दवाओं की आपूर्ति एवं चिकित्सकों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित तहसीलदार, अधिशासी अभियंता सिंचाई समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देशों से ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि हर संभव सहायता उनके लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
