फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 नवम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के पुस्तकालयों के विकास, सुरक्षा और आधुनिकीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुस्तकालयों में कैरियर काउंसलिंग कैम्प नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों में “पीएम सूर्यघर योजना” के तहत सोलर कनेक्शन लगवाए जाएं, जिससे ऊर्जा की बचत हो और पुस्तकालयों का संचालन अधिक पर्यावरण-हितैषी बने।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनपद में संचालित सभी पुस्तकालयों का पंजीकरण कराया जाए और उनमें सुरक्षा के सभी मानक पूरे किए जाएं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना हेतु राजकीय इंटर कॉलेज में भूमि का चयन शीघ्र किया जाए, ताकि छात्रों को ई-लर्निंग की आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक से यह स्पष्ट संकेत मिला कि जिला प्रशासन अब शिक्षा और पठन-पाठन के क्षेत्र में तकनीकी एवं संरचनात्मक सुधारों की दिशा में ठोस कदम उठाने जा रहा है।
