फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अक्टूबर 2025 आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना एवं मिशन आत्मनिर्भर ऑन पल्सेज योजना के शुभारंभ अवसर पर एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत एवं माननीय विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री फतेहचंद्र वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्री श्याम कुमार तिवारी, तथा विभिन्न विभागों — पशुपालन, मत्स्य, कृषि, सहकारी, आलू एवं उद्यान विभाग के अधिकारीगण एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभागार में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली, पूसा से राष्ट्रव्यापी शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री ने देश के कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने हेतु नई योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की और किसानों को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर होने का संदेश दिया।
लाइव प्रसारण के पश्चात पशुपालन विभाग की भारत सरकार की महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय गौकुल मिशन योजना के अंतर्गत जनपद के 21 ए.आई. टेक्नीशियन (पशुमैत्री) को प्रमाण पत्र माननीय अतिथि महोदयों के माध्यम से वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा, उपमुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. भूपेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. अनुज कुमार दुबे, डॉ. राघवेन्द्र कुमार, डॉ. सुनील कुमार सहित पशुपालन विभाग के समस्त अधिकारी एवं पशुमैत्री उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना किसानों की आमदनी बढ़ाने, कृषि क्षेत्र में तकनीकी सुधार लाने एवं उत्पादन क्षमता को बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
