फर्रुखाबाद: दीपावली पर आग से सुरक्षा हेतु जिला प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अक्टूबर 2025 दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण फर्रुखाबाद द्वारा आग से सुरक्षा के उपायों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे “अग्नि सुरक्षा पर ध्यान दें, सुरक्षित जीवन का आनंद लें” के सिद्धांत पर चलें और सुरक्षा उपायों का पालन करें।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि दीपावली के दौरान सजावट, दीयों, पटाखों और विद्युत उपकरणों के प्रयोग में सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन ने आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए नागरिकों को कई सुझाव दिए हैं—

अग्नि सुरक्षा के प्रमुख उपाय:

फूलझड़ी या पटाखे जलाते समय पर्दे, बिस्तर, कपड़े जैसे ज्वलनशील पदार्थों को दूर रखें।

खुले स्थानों या छतों पर ही दीपक जलाएं, और आसपास पानी की बाल्टी अवश्य रखें।

बिजली के बोर्ड पर अधिक भार न डालें और खराब वायरिंग से बचें।

बच्चों को पटाखे जलाने के दौरान वयस्कों की देखरेख में ही रहने दें।

भीड़भाड़ वाले इलाकों, स्कूलों, अस्पतालों या बाजारों में पटाखे न फोड़ें।

आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं — तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद करें और पानी/रेत से आग बुझाने का प्रयास करें।

क्या करें और क्या न करें:

आग लगने पर घी, तेल या सूखे कपड़ों का उपयोग न करें।

जलने पर टूथपेस्ट, बर्फ या पाउडर न लगाएं, तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।

जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सेवाओं के नंबर — 101 (फायर सर्विस), 108 (एम्बुलेंस), 112 (पुलिस), तथा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 9454461457 पर संपर्क करें।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे दीपावली को आनंद, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाएं तथा अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव हेतु दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।