फर्रुखाबाद:79वें स्वतंत्रता दिवस पर दिव्यांग बच्चों के बीच तिरंगा, मिठाई, फल व दवाइयों का वितरण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद फतेहगढ़ में पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष पहल की गई। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने राजकीय संकेत विद्यालय में पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उल्लास साझा किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया तथा मिठाई, फल और दवाइयाँ वितरित कीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रांगण में देशभक्ति के गीत गूंजते रहे, वहीं बच्चों के चेहरों पर देशभक्ति और खुशी की मुस्कान साफ झलक रही थी।क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने कहा कि देश की आज़ादी का पर्व तभी सार्थक है, जब समाज के हर वर्ग के साथ इसे मिल-जुलकर मनाया जाए। वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने का संदेश दिया।

विद्यालय स्टाफ ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल न केवल बच्चों में उत्साह भरती है, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी करती है। कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।