फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 संकिसा स्थित धम्मालोंको बुद्ध विहार ट्रस्ट के अध्यक्ष कर्मवीर शाक्य के अचानक अस्वस्थ हो जाने से शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक क्षेत्र में चिंता की लहर दौड़ गई। उन्हें दोपहर बाद कायमगंज स्थित आवास से परिजनों ने कार द्वारा तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद उनकी एमआरआई जांच कराई।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने खून के नमूने लेकर विभिन्न जांचें कीं। देर शाम तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हो सकी। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता नागेंद्र शाक्य एवं मीडिया प्रभारी आनंद भान शाक्य अस्पताल पहुंचे और कर्मवीर शाक्य के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
वहीं, ट्रस्ट के प्रबंधक राहुल शाक्य एडवोकेट अपने पिता की देखभाल के लिए अस्पताल में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि “फिलहाल पिताजी की स्थिति ठीक है। कल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही बीमारी की वास्तविक जानकारी मिल सकेगी।”
कर्मवीर शाक्य का जिला और आसपास के क्षेत्रों में बौद्ध व सामाजिक गतिविधियों में अहम योगदान रहा है। उनके अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी और समर्थक लगातार कुशलक्षेम पूछने अस्पताल पहुंच रहे हैं।
स्थानीय समाजसेवी संगठनों और बुद्ध विहार ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
