फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 नवम्बर 2025 अयोध्या में होने वाले श्री राम जन्मभूमि मंदिर ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए आज जनपद से श्रद्धालुओं एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं का समूह हर्षोल्लास के साथ प्रस्थान किया। रवाना होने से पहले भव्य पूजन-अर्चना और शुभकामना कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अखिलेश मिश्र ने विधिवत पूजन कर सभी श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर शुभ यात्रा का आशीर्वाद दिया। वहीं जिलाध्यक्ष मुकेश बाथम, अभिषेक शाक्य (विभाग संयोजक, बजरंग दल) तथा रोहन मिश्रा ने परंपरा के अनुसार नारियल फोड़कर यात्रा की सफलता और मंगलमय होने की कामना की।
इस अवसर पर वातावरण जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में शामिल प्रखंड मंत्री सिद्धांत सिंह, प्रखंड अध्यक्ष मनजीत यादव, जिला कोषाध्यक्ष रुक्मंगल सिंह, अंश भारद्वाज, श्रीनिवास चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर सभी यात्रियों को अयोध्या में होने वाले ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह का साक्षी बनने की शुभकामनाएँ दीं। धार्मिक उत्साह, आस्था और उमंग से भरा यह समूह प्रभु श्रीराम के दरबार में पहुंचने के उद्देश्य से पूर्ण उत्साह के साथ रवाना हुआ।
