फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2025 ग्राम रसीदपुर ग्राम रसीदपुर में विकास कार्यों की अनदेखी ने ग्रामीणों की जिंदगी को बद से बदतर बना दिया है। ग्राम प्रधान और सचिव की उदासीनता के चलते गांव की सड़कों की हालत जर्जर है, नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं और मच्छरों का आतंक इस कदर है कि कई परिवार बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वह नर्क जैसी स्थिति में जीने को मजबूर हैं।
शिकायतों पर भी नहीं हो रही सुनवाई
रसीदपुर के निवासी राकेश, सुरेश चंद्र, किशन, रंजीत, रामराज, पप्पू, दिलीप, दीपक, अंकेश, रमेश, उषा, राज, राव, अवनीश, पिंकी, नेहा, गौरव, गीत, लालाराम, आकांक्षा, बृजेश, गीता, ज्योति, प्रीति, अवधेश, आशा और युवराज समेत दर्जनों ग्रामीणों ने थाना दिवस और तहसील दिवस पर जिला अधिकारी को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं। लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला, कार्यवाही नहीं हुई।
प्रशासनिक जिम्मेदारी, पर कोई नहीं ले रहा संज्ञान
ग्राम प्रधान, सचिव और ए.डी.ओ. पंचायत की यह प्राथमिक जिम्मेदारी बनती है कि वे गांव के मूलभूत विकास कार्यों की निगरानी करें और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। परंतु, ग्रामीणों के अनुसार, कोई भी जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौके पर नहीं आया है।
बढ़ते संक्रमण का खतरा
गांव में जलभराव और खुली नालियों की वजह से मच्छरों की तादाद बढ़ गई है। डेंगू, मलेरिया और स्किन रोग जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कोई विशेष पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि ग्राम रसीदपुर की उपेक्षित स्थिति का तुरंत संज्ञान लिया जाए, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो और प्राथमिकता के आधार पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।
