फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 कल्याण मण्डपम, नवाबगंज में आज “विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश 2047” विषय पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने हेतु अपने रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने की, जिनमें आईएएस राजीव कुमार, आईपीएस आर.के.एस. राठौर, प्रो. डॉ. विनोद तिवारी, मुख्य अभियंता अजय गंगवार, विधायक डॉ. सुरभि गंगवार, ब्लाक प्रमुखों एवं नगर पंचायत अध्यक्षों समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दिए गए प्रमुख सुझाव
1. आईएएस राजीव कुमार – आलू किसानों को प्रोत्साहन, फर्रुखाबाद की कपड़ा छपाई उद्योग को पुनर्जीवित करने, एवं कायमगंज चीनी मिल की क्षमता बढ़ाने पर जोर।
2. प्रो. डॉ. विनोद तिवारी – जल संचयन, आधुनिक सिंचाई पद्धतियों का प्रयोग और “सबका साथ, सबका विकास” की अवधारणा पर बल।
3. मुख्य अभियंता अजय गंगवार – उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने, स्वदेशी बाजार को सशक्त करने और आर्थिक समृद्धि को प्राथमिकता देने पर सुझाव।
4. आईपीएस आर.के.एस. राठौर – आम जनता को क्यूआर कोड के माध्यम से अपने विचार साझा करने हेतु प्रेरित किया।
5. विधायक डॉ. सुरभि (कायमगंज) – स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने, विदेशी उत्पादों पर निर्भरता घटाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ बच्चों के नाम” अभियान पर बल।
6. अमन अवस्थी (प्रतिनिधि ब्लाक प्रमुख शमसाबाद) – जनसंख्या नियंत्रण, खेल मैदानों के निर्माण और सरकारी विद्यालयों में बच्चों की नामांकन वृद्धि पर सुझाव।
7. पल्लव सोमवंशी (ब्लाक प्रमुख राजेपुर) – स्वच्छता, अवैध खनन पर रोक और पुल व मार्गों के पास स्थानों के वैज्ञानिक चिन्हांकन की आवश्यकता बताई।
8. अनिल राजपूत (नगर पंचायत अध्यक्ष नवाबगंज) – आलू और मक्का उत्पादन हेतु नवाबगंज में मंडी निर्माण का प्रस्ताव।
9. पुष्पराज (नगर पंचायत अध्यक्ष खिमसेपुर) – सड़कों का चौड़ीकरण, पार्क निर्माण, वॉकिंग सुविधा और सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की माँग।
प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपजिलाधिकारी (सदर, कायमगंज, अमृतपुर), समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य भी उपस्थित रहे।
गोष्ठी में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि विकसित भारत @2047 की अवधारणा को साकार करने के लिए प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है और स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक ठोस पहल की जाएगी।
