फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 जिले की ग्राम पंचायतों में आगामी प्रधान पद के चुनाव को लेकर परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार डीएम के अनुमोदन के बाद अब जिले में कुल 580 ग्राम पंचायतों में ही प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में कुल 593 ग्राम प्रधान चुने गए थे, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा संकिसा और नवाबगंज को नगर पंचायत के रूप में गठित किए जाने के बाद 13 ग्राम पंचायतें इन नगर पंचायतों में सम्मिलित हो गईं। इसके परिणामस्वरूप इन 13 ग्राम प्रधान पदों को समाप्त कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, अब जिले की 580 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2026 में ग्राम प्रधानों के चुनाव कराए जाएंगे। फिलहाल ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित दावेदार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं और आरक्षण को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि किन ग्राम पंचायतों को किस वर्ग के लिए आरक्षित किया जाएगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। आरक्षण की अंतिम सूची जारी होने के बाद ही ग्राम प्रधान पद के दावेदारों की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
गांवों में संभावित प्रत्याशी अभी से ही आरक्षण के गुणा-गणित में जुट गए हैं और अपने समीकरण साधने की कोशिशों में सक्रिय हैं। वहीं ग्रामीण मतदाता भी पंचायत चुनाव 2026 को लेकर चर्चाओं में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं।
फर्रुखाबाद की पंचायत राजनीति एक बार फिर गर्माने लगी है — नये परिसीमन के बाद कई गांवों का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदलने के आसार हैं।
