फर्रुखाबाद:फतेहगढ़ में कूड़े के ढेर से बीमारी फैलने का खतरा, मोहल्ले में बढ़ी चिंता

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 शहर के मोहल्ला नवदिया, ग्वालटोली टिलिया में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भारत माता मंदिर के नीचे गली और आसपास के खाली प्लॉटों में सफाईकर्मी जगह-जगह से इकट्ठा किया गया कचरा डालकर चले जाते हैं। इस कारण कूड़े के ढेर सड़कों और गलियों में जमा हो गए हैं, जिससे गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

मोहल्ले के निवासियों कौशल दीक्षित, अनुराग ठाकुर और शैलेंद्र एडवोकेट ने इस समस्या को लेकर सफाई नायक हरिशंकर को अवगत कराया, लेकिन सफाई कार्य नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने भाजपा के मंडल मीडिया प्रभारी राहुल राठौर को समस्या से अवगत कराया।

राहुल राठौर ने संबंधित अधिकारियों को इस गंभीर समस्या के बारे में सूचना दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कचरे के कारण न केवल गंदगी फैल रही है बल्कि सड़कों पर बिखरी पॉलिथीन पशुओं के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है। कई बार देखा गया कि गायें पॉलिथीन खा लेती हैं, जिससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ता है।

लोगों का आरोप है कि नगर पालिका कर्मचारियों की लापरवाही से इलाके में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मोहल्ले के लोग जल्द से जल्द कूड़ा हटाकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

सवाल उठता है कि नगर पालिका प्रशासन कब इस लापरवाही पर रोक लगाएगा और आम जनता को राहत दिलाएगा?