फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2025 दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (द०वि०वि०नि०लि०) के अधीन विद्युत नगरीय वितरण खण्ड भोलेपुर, फतेहगढ़ द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु तीन दिवसीय मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। यह अभियान प्रबन्ध निदेशक, उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, लखनऊ के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है।
इस मेगा कैंप का उद्देश्य उपभोक्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी विद्युत संबंधी समस्त शिकायतों का मौके पर ही समाधान करना है। अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खण्ड, फर्रुखाबाद के अनुसार मेगा कैंप की तिथियां एवं स्थान इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं:
🔹 17 जुलाई 2025 (बृहस्पतिवार) – सातनपुर, उपखण्ड अधिकारी (प्रथम)
🔹 18 जुलाई 2025 (शुक्रवार) – चौक, उपखण्ड अधिकारी (द्वितीय)
🔹 19 जुलाई 2025 (शनिवार) – मसेनी गाँव, उपखण्ड अधिकारी (तृतीय)
इस विशेष अभियान में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहेंगे और उपभोक्ताओं की शिकायतें, बिल संबंधित समस्याएं, मीटर रीडिंग, कनेक्शन में त्रुटियाँ, ओवर बिलिंग, बिजली आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों आदि का समाधान करेंगे। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे अपने क्षेत्र के अनुसार निर्धारित तिथि को कैंप में उपस्थित होकर अपनी शिकायतें दर्ज करें एवं समाधान प्राप्त करें। यह पहल उपभोक्ता संतुष्टि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
