फर्रुखाबाद: 20 लाख की साइबर ठगी का खुलासा: साइबर क्राइम पुलिस ने दो ठगों को किया गिरफ्तार, स्कॉर्पियो कार, मोबाइल व नगद बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अक्टूबर 2025 साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 20 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 05 मोबाइल फोन (4 एंड्रॉयड व 1 आईफोन), 12,200 रुपये नकद, 05 एटीएम कार्ड और एक स्कॉर्पियो कार (UP78 GP 9944) बरामद की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह के मार्गदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद/अपराध श्री अजय वर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।

प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच के दौरान साइबर क्राइम पुलिस को एक काली स्कॉर्पियो कार में बैठे दो संदिग्ध युवक मिले। तलाशी के दौरान उनके पास से उपरोक्त सामग्री बरामद हुई। मोबाइलों की जांच में यह पाया गया कि आरोपी जस्ट डायल एप पर फर्जी आईडी बनाकर ट्रांसपोर्ट सुविधा या ऑनलाइन सामान बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे।

जांच के दौरान सामने आया खुलासा:

अभियुक्त कृष्ण मोहन पाण्डेय उर्फ राजन पाण्डेय और दीपक दुबे ने पूछताछ में बताया कि वे जस्ट डायल पर फर्जी ट्रांसपोर्ट कंपनियों की आईडी बनाकर ग्राहकों से एडवांस के नाम पर पैसा वसूलते थे और भुगतान के बाद उनका नंबर ब्लॉक कर देते थे। इसके अलावा, ये दोनों घरेलू सामान सस्ते दामों पर बेचने का झांसा देकर भी लोगों से ठगी करते थे।

अभियुक्तों का विवरण:

1️⃣ कृष्ण मोहन पाण्डेय उर्फ राजन पाण्डेय, पुत्र बांके बिहारी पाण्डेय, निवासी बीरपुर हरिहरपुर थाना राजेपुर, जनपद फतेहगढ़।

2️⃣ दीपक दुबे, पुत्र वीरेन्द्र दुबे, निवासी श्रीराम कॉलोनी थाना उत्तर, जनपद फिरोजाबाद।

अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास:

🔹 कृष्ण मोहन पाण्डेय के खिलाफ पहले भी म.प्र. के इंदौर जिले में धोखाधड़ी का मामला (धारा 420, 467, 468, 471 IPC) दर्ज है।

🔹 दीपक दुबे के खिलाफ साइबर क्राइम थाना फतेहगढ़ में वर्तमान मुकदमा पंजीकृत है।

थाना साइबर क्राइम, फतेहगढ़ में पंजीकृत मामला:

मु.अ.सं. 12/2025, धारा 318(4), 111(2) BNS व 66 D IT Act के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:

प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश कुमार, उ.नि. श्री सुबोध यादव, हे.का. रविन्द्र प्रताप सिंह, का. अंकित आर्य, का. गौरी शंकर, का. अरविन्द यादव, का. कौटिल्य, का. दिपिन राठी

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है। साइबर क्राइम पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में साइबर अपराध पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।