फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुई महिला की ₹14,010.34 की धनराशि वापस कराई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के मार्गदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी क्राइम अजय वर्मा के नेतृत्व में की गई। साइबर थाना पर एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 23105250074981 के आधार पर पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही की।
घटना का विवरण
आवेदिका को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से ठगी का शिकार बनाया गया। कॉल करने वाले ने स्वयं को आवेदिका के पिता का मित्र बताते हुए उधार के ₹2,000 लौटाने की बात कही। इसके बाद ठग ने फर्जी बैंक संदेश भेजकर दिखाया कि ₹20,000 खाते में आ गए हैं और कहा कि इसमें ₹18,000 अतिरिक्त भेज दिए गए हैं। इस झांसे में आकर आवेदिका ने कुल ₹19,000 की राशि Nykaa के QR कोड पर ट्रांसफर कर दी, जिसका उपयोग खरीददारी में किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत दर्ज होते ही साइबर क्राइम टीम ने गहन जांच शुरू की। जांच में पता चला कि ठगी की गई धनराशि Nykaa पर खर्च की गई है। तत्पश्चात पुलिस ने कंपनी को ईमेल द्वारा नोटिस भेजकर सभी ऑर्डर रुकवाए और मात्र 72 घंटे के भीतर ₹14,010.34 की राशि आवेदिका के खाते में वापस कराई गई।
कार्रवाई करने वाली टीम
थाना साइबर क्राइम टीम
पुलिस की अपील
साइबर क्राइम पुलिस ने जनता से अपील की है कि साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही बचाव है। यदि आप साइबर अपराध का शिकार हों तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी संपर्क किया जा सकता है।
सतर्क रहें, जागरूक रहें – साइबर क्राइम पुलिस उत्तर प्रदेश सदैव आपकी सेवा में तत्पर है।
