फर्रुखाबाद:पुलिस लाइन सभागार में साइबर क्राइम जागरूकता कार्यशाला का किया गया आयोजन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में एक विशेष साइबर क्राइम कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जनपद के सभी थाना एवं शाखा प्रभारियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को साइबर अपराधों की पहचान, रोकथाम और त्वरित कार्रवाई से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षित किया गया। इसमें विशेष रूप से CyTrain और NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) के प्रयोग पर विस्तार से जानकारी दी गई।

एसपी आरती सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को इस प्रशिक्षण से अवगत कराएं ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, हैकिंग और वित्तीय ठगी जैसे अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता जरूरी है।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना और आमजन की शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।