फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अक्टूबर 2025 क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान में आज आयोजित स्वदेशी रोजगार मेला का अवलोकन भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों, कमालगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सीलचंद्र राजपूत तथा जिला पंचायत प्रतिनिधियों ने किया।
रोजगार मेले में विभिन्न स्वदेशी उत्पादकों और उद्योगों ने अपने स्टॉल लगाए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था — देश के आम नागरिकों को भारतीय उत्पादों के उपयोग और खरीदारी के लिए प्रेरित करना तथा आत्मनिर्भर भारत के अभियान को आगे बढ़ाना।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि — “2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘स्वदेशी अपनाओ, देश बनाओ’ का संदेश दिया था। अगर हम विदेशी उत्पादों का बहिष्कार कर अपने देश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करेंगे तो न केवल हमारे देश की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी बल्कि हमारे मजदूर, कारीगर और लघु उद्योग भी आगे बढ़ेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंधूर के दौरान भारत की स्वदेशी मिसाइलों ने पूरी दुनिया को भारतीय तकनीक और आत्मनिर्भरता की ताकत का एहसास कराया। आज भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक की मांग दुनिया के कई विकसित देश कर रहे हैं — यह भारत की उभरती ताकत का प्रतीक है।
कमालगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सीलचंद्र राजपूत ने कहा —“2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर नागरिक को स्वदेशी उत्पादों को खरीदने और बेचने के लिए आगे आना होगा। जब हमारे देश के मजदूरों द्वारा निर्मित वस्तुएं बिकेंगी, तभी उनकी आय बढ़ेगी और देश वास्तव में आत्मनिर्भर बनेगा।”
मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों ने नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने का संदेश दिया। लोगों ने भारतीय परंपरा और संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
यह स्वदेशी रोजगार मेला 18 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें आमजन से स्वदेशी वस्तुएं खरीदने का आग्रह किया गया है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से
जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, सुनील रावत, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, सर्वेश कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष जय गंगवार, मंत्री अभिषेक त्रिवेदी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष ऋषिपाल सिसोदिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशन चतुर्वेदी, बबलू राजपूत, जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित, मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
