फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जनवरी 2026 जनपद के थाना कमालगंज क्षेत्र में बीती रात पुलिस और शातिर अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी अपराधी राज किशोर घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कमालगंज पुलिस चेकिंग अभियान के तहत लेन गांव नगला खेमरेगाई तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई।
घायल व्यक्ति की पहचान ग्राम बलीपुर, थाना कमालगंज निवासी राज किशोर लोधी पुत्र तेज सिंह के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया गया। पुलिस उसे तत्काल कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, राज किशोर शातिर किस्म का अपराधी है और उस पर थाना कमालगंज के अलावा थाना नवाबगंज एवं शमशाबाद में चोरी की कई घटनाएं दर्ज हैं। हाल ही में उसने गौसपुर रोड स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर सोलर प्लेटें और बारदाना चोरी किया था। शासन द्वारा उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
क्षेत्राधिकारी अमृतपुर संजय वर्मा ने मीडिया को बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान राज किशोर से पुलिस का आमना-सामना हुआ। अपराधी द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अन्य आपराधिक मामलों की भी गहन जांच की जा रही है।
