फर्रुखाबाद:कायमगंज में बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया सी.पी. विद्या निकेतन इंटर कॉलेज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 सितम्बर 2025 नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष एवं विद्यालय की निदेशक मिथिलेश अग्रवाल के नेतृत्व में सी.पी. विद्या निकेतन इंटर कॉलेज कायमगंज द्वारा कम्पिल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।

मिथिलेश अग्रवाल ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन लगातार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रयासरत है। राशन व भोजन वितरण के साथ-साथ मेडिकल कैंप भी लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके। विशेष पहल करते हुए विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ ने एक दिन का वेतन देकर पीड़ितों के लिए सहयोग राशि एकत्रित की और स्वयं मौके पर पहुंचकर राशन वितरण किया।

इस मौके पर विद्यालय के प्रिंसिपल योगेश चंद्र तिवारी, राजेश श्रीवास्तव, सुमित पांडे सहित अध्यापकगण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से पीड़ित परिवारों को राहत और संबल मिलता है। यह मानवीय कदम क्षेत्र में राहत कार्यों की श्रृंखला को और मजबूत करता है तथा समाजसेवा की एक मिसाल पेश करता है।