फर्रुखाबाद:सीपी इंटरनेशनल स्कूल में छात्र संसद का भव्य आयोजन — विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की लोकतंत्र की सजीव झलक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अक्टूबर 2025 सीपी इंटरनेशनल स्कूल, फर्रुखाबाद में आज छात्र संसद कार्यक्रम का भव्य आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फर्रुखाबाद की पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह रहीं, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां शारदे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि का स्वागत सीपी विद्या निकेतन, कायमगंज के प्रधानाचार्य योगेश तिवारी ने किया। इसके उपरांत निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, उपनिदेशक श्रीमती अंजू राजे, प्राचार्य श्री संजय बिष्ट, सीपीवीएन (हिंदी माध्यम) के प्रधानाचार्य योगेश तिवारी तथा सीपीबीएन (अंग्रेज़ी माध्यम) के उपप्रधानाचार्य श्री जैना जी ने मुख्य अतिथि को बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों ने वास्तविक संसद की तर्ज पर छात्र संसद का गठन किया। विपक्ष के छात्र सांसदों ने बेरोजगारी, शिक्षा, मीडिया की स्वतंत्रता जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर सारगर्भित प्रश्न प्रस्तुत किए। सत्तापक्ष के छात्र सांसदों ने इन प्रश्नों के तार्किक और प्रभावी उत्तर देकर अपनी नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल का परिचय दिया।

मुख्य अतिथि आरती सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा— “छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए समय प्रबंधन, अनुशासन और उद्यमिता का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है।”

उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी और सरकार द्वारा जारी सुरक्षा एवं संपर्क सूत्रों की जानकारी भी साझा की।

निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने कहा— “ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और जिम्मेदारी की भावना को विकसित करते हैं।”

उपनिदेशक श्रीमती अंजू राजे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा—“छात्र संसद जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों को लोकतंत्र की प्रक्रिया को समझने और समाज के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा देती हैं।” कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री संजय बिष्ट ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन शिवा सिंह ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम में मऊदरवाजा थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह, मीडिया प्रभारी श्रवण, नवीन शाक्य, अतुल श्रीवास्तव, लक्ष्मी यादव, ज्योति प्रधान, शिवानी मिश्रा, रश्मि तिवारी, विवेक राजपूत, देवानंद राजपूत, भारती मिश्रा, संगीता सारस्वत सहित सभी शिक्षकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।