फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अगस्त 2025 जनपद के ब्लाक मोहम्मदाबाद के ग्राम व पोस्ट सिरौली में पिछले 20 वर्षों से कच्चे नाले का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिसके चलते ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बरसात के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं, क्योंकि नाले का गंदा पानी सीधे लोगों के घरों में भर जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दलदल से गुजरना उनकी मजबूरी बन चुका है। नाले का गंदा पानी घरों की दीवारों में दरारें डाल चुका है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। दीवारों के पास उगी घास-फूस और जलभराव से जहरीले कीड़े-मकौड़ों व गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है।
ग्राम प्रधान पर आरोप – केवल झूठे आश्वासन
पीड़ित परिवारों — बृजेश कुमार, राजेश कुमार, रजकिशोर, राजेश बाथम, विजय कुमार, गोकुल कुमार, नरेश कुमार, उषा देवी और चुन्नी देवी — ने ग्राम प्रधान से नाला बनवाने की गुहार कई बार लगाई, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान का कार्यकाल लगभग समाप्त होने को है, पर समस्या जस की तस है।
ग्राम प्रधान का जवाब
जब इस मामले में ग्राम प्रधान से व्हाट्सऐप के माध्यम से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि नाले का निर्माण प्रस्तावित है और बरसात खत्म होने के बाद, अक्टूबर में कार्य शुरू कराया जाएगा।
जवाबदेही किसकी?
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर पंचायत स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी — ग्राम प्रधान, सचिव और एडीओ पंचायत — क्यों इस बुनियादी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे। अब देखना यह है कि क्या जिला प्रशासन समय रहते हस्तक्षेप कर ग्रामीणों को राहत देगा, या उन्हें इसी हाल में जीने के लिए छोड़ दिया जाएगा।
