फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अक्टूबर 2025 ग्राम पंचायत सोता बहादुरपुर के पांचाल घाट पर आज गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा (स्वक्षोत्सव) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट, डीएफओ, उप जिलाधिकारी सदर एवं जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा का आज समापन हुआ। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से स्वच्छता का संकल्प लेते हुए लोगों से स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की।
इसके बाद विकास भवन सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर पंचायती राज विभाग की ओर से स्वच्छता अभियान के तहत जनपद के सात विकास खण्डों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उन्हें मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गांधी जयंती के इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन जनपदवासियों के लिए प्रेरणादायी रहा और अधिकारियों ने सभी से आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
