फर्रुखाबाद:हैवतपुर गड़िया काशीराम कॉलोनी में चला सफाई अभियान, नालों की सफाई व कूड़ा हटाने का कार्य किया गया।

(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 हैवतपुर गड़िया स्थित काशीराम कॉलोनी में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष कूड़ा हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान में दीपक शर्मा के नेतृत्व में नगरपालिका की टीम ने कॉलोनी क्षेत्र में जमे कूड़े-कचरे को हटाने के साथ-साथ नालों की सफाई का कार्य भी किया।

स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से क्षेत्र में गंदगी और नालियों की जाम स्थिति को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, जिसके दृष्टिगत नगर पालिका द्वारा अभियान की शुरुआत की गई। दीपक शर्मा ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी की और सफाई कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान के अंतर्गत मुख्य मार्गों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा उठवाया गया तथा बंद पड़ी नालियों की सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था को सुचारु किया गया। इस पहल से क्षेत्रवासियों में संतोष का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने दीपक शर्मा और नगर पालिका टीम की इस कार्यवाही की सराहना की और उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे कॉलोनी स्वच्छ और स्वस्थ बनी रहे। नगर पालिका द्वारा यह भी आश्वासन दिया गया कि आगे आने वाले दिनों में अन्य मोहल्लों में भी सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी।