फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 दिसंबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में दिनांक 12 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सामूहिक विवाह से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि विवाह कार्यक्रम के लिए लगाए जाने वाले पंडाल की अग्निशमन विभाग, विद्युत सुरक्षा विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से अनिवार्य रूप से एनओसी प्राप्त की जाए।
जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को विवाह स्थल पर फायर टेंडर की तैनाती सुनिश्चित करने, नगर पालिका को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, पेयजल के लिए पानी के टैंकर एवं मोबाइल शौचालय लगाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को विवाह स्थल पर मेडिकल कैंप एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
इसके अलावा विद्युत विभाग को पंडाल की वायरिंग की जांच करने, लोक निर्माण विभाग को मंच की स्ट्रेंथ जांचने, यातायात उप निरीक्षक को पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण अधिकारी को फोटोग्राफी एवं ड्रोन की व्यवस्था के साथ-साथ नाश्ता, भोजन एवं सामग्री वितरण के लिए पर्याप्त काउंटर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
