फर्रुखाबाद:119 राजनीतिक दलों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कारण बताओ नोटिस, केवल 25 दलों ने दी उपस्थिति।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा द्वारा प्रदेश के 119 पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के क्रम में सोमवार, 21 जुलाई को लखनऊ स्थित उनके कार्यालय में सुनवाई आयोजित की गई। निर्धारित तिथि पर केवल 25 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ही उपस्थित हुए, जबकि 94 दल सुनवाई में अनुपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित दलों द्वारा प्रस्तुत अंशदान रिपोर्ट, वार्षिक लेखा परीक्षण (ऑडिट) रिपोर्ट, तथा निर्वाचन व्यय विवरणी जैसे दस्तावेजों का गहन परीक्षण कर बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों के दौरान इन दलों ने कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है, जिससे इनकी सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पूर्व में जारी निर्देश के अनुसार, इन दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों एवं महासचिवों को अपना प्रत्यावेदन, शपथपत्र तथा आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर जवाब देने को कहा गया था। इसके बावजूद अधिकांश दल अनुपस्थित रहे, जिससे उनके पंजीकरण पर आगामी कार्रवाई की संभावना बन रही है।

सुनवाई में उपस्थित राजनीतिक दलों में शामिल थे:

आदर्श लोकदल (फतेहपुर)

आदर्श मानवतावादी पार्टी (लखनऊ)

आदर्श व्यवस्था पार्टी (देवरिया)

अखिल भारतीय राष्ट्रीय परिवार पार्टी (वाराणसी)

इंडिया राइजिंग पार्टी (कन्नौज)

जन विकास पार्टी (लखनऊ)

राष्ट्रीय समाजवादी जनक्रांति पार्टी (गौतमबुद्धनगर)

समता समाजवादी कांग्रेस पार्टी (वाराणसी)

बहुजन विजय पार्टी (गोरखपुर)

गांधी एकता पार्टी (वाराणसी)

शांति मोर्चा (गाजियाबाद)

राष्ट्रवादी प्रताप सेना (हापुड़)

भारतीय संगठित पार्टी (गाजियाबाद)

देशभक्त निर्माण पार्टी (मऊ)

(अन्य दलों की सूची पूर्ववत)

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुपस्थित दलों को लेकर आगे नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। यह पहल निर्वाचन आयोग की पारदर्शी एवं उत्तरदायी राजनीतिक प्रणाली की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।