फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 सितम्बर 2025 पुलिस की कार्यशैली में बदलाव और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगी है। जनपद फतेहगढ़ पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के दिशा-निर्देश में हो रही जनसुनवाई में इसका उदाहरण देखने को मिला।
जनसुनवाई के दौरान एक बुज़ुर्ग मां अपनी समस्या लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचीं। उनकी परेशानी सुनते ही जनसुनवाई कर रहे क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपनी कुर्सी छोड़ दी और खुद बूढ़ी मां के पास जाकर उनकी व्यथा सुनी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सिर्फ इतना ही नहीं, बुज़ुर्ग महिला को सकुशल उनके घर तक भिजवाने की व्यवस्था भी की गई। इस मानवीय पहल से वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे और पुलिस के इस बदले हुए स्वरूप की सराहना की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की संवेदनशीलता से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा। नई व्यवस्था के तहत जिस तरह से आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता दी जा रही है, वह पुलिस-जनसंपर्क की नई मिसाल है।
यह घटना साफ़ दर्शाती है कि पुलिस अब सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनाओं को भी समझते हुए जनहित में कदम बढ़ा रही है।
