फर्रुखाबाद: किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का अभियान तेज, 1.43 लाख किसानों की आईडी बनी, 1.07 लाख शेष

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का कार्य अभियान के रूप में तेजी से संचालित किया जा रहा है। यह कार्य विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किसानों के लिए अत्यंत आवश्यक बताया गया है।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक कुल 2,50,000 किसानों में से लगभग 1,43,000 किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है, जबकि करीब 1,07,000 किसानों की आईडी बननी अभी शेष है।

भारत सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त उन्हीं किसानों को प्राप्त होगी, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बन चुकी होगी। साथ ही, कृषि विभाग एवं अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ भी केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी आईडी पंजीकृत है।

फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने के कार्य में लेखपाल, कृषि विभाग के कार्मिक, पंचायत सहायकों तथा रोजगार सेवकों को लगाया गया है। यह कार्य सहायक ऐप, जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से या किसान स्वयं भी कर सकते हैं।

जनपद की प्रगति को गति देने के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक न्याय पंचायत पर एक-एक अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो अपने क्षेत्र में नियुक्त कार्मिकों के कार्य की समीक्षा करेंगे और खराब कार्य करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।

जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है, तथा जिन क्षेत्रों में कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां जिम्मेदार कर्मचारियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

कल की समीक्षा में यह पाया गया कि कई गांवों में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का कार्य अब तक नहीं हुआ है तथा न्याय पंचायत स्तर पर नियुक्त अधिकारी अपने क्षेत्र में निरीक्षण हेतु नहीं पहुंचे।

ऐसे लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध जिलाधिकारी द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है ताकि शासन के इस महत्वपूर्ण कार्य को समय पर पूरा किया जा सके और किसानों को अगली किस्त सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके।