फर्रुखाबाद: व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 नवम्बर 2025 अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्री अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न बाजारों से आए व्यापारियों, उद्यमियों तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना रहा। एएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्त, सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता, ट्रैफिक व्यवस्था, और उत्सवों तथा त्यौहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण से संबंधित विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। एएसपी ने प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कहा कि पुलिस-व्यापारी समन्वय को और मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में उनकी समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाएगा। साथ ही व्यापारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव देने व सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।

गोष्ठी में मौजूद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बाजारों में नियमित पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने एएसपी का आभार व्यक्त किया।