फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2025 व्यापारी हितों की आवाज़ बुलंद करने वाली और उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती सोनी शुक्ला अब किसानों के हक़ की लड़ाई भी लड़ेंगी। उन्हें भारतीय किसान यूनियन (अखंड प्रदेश) की ओर से महिला मोर्चा का वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पद सौंपा गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें संगठन की प्रदेश अध्यक्षीय टीम में शामिल करते हुए प्रदान की गई है।
★प्रदेश अध्यक्ष ने किया मनोनयन
भाकियू (अखंड प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोमवंशी ने शुक्रवार को औपचारिक घोषणा करते हुए श्रीमती सोनी शुक्ला के साथ ही काली देवी आईटीआई निवासी केशव कुमार वर्मा को प्रदेश महासचिव पद पर मनोनीत किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नवमनोनीत पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र भेंट कर संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
★व्यापार और किसान दोनों वर्ग की आवाज़
गौरतलब है कि श्रीमती सोनी शुक्ला पहले से ही उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के रूप में व्यापारी वर्ग की समस्याओं को उठाती रही हैं। अब किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी उनका संघर्ष संगठन के मंच से सामने आएगा।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक आनंद प्रकाश उर्फ मुन्ना गुप्ता ने उन्हें किसान यूनियन में शामिल होने पर बधाई देते हुए कहा कि “व्यापारी और किसान दोनों वर्ग एक-दूसरे के पूरक हैं। सोनी शुक्ला के जुड़ने से संगठन को महिला नेतृत्व की नई ऊर्जा मिलेगी।”
★संगठन में नई ऊर्जा की उम्मीद
प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोमवंशी ने कहा कि संगठन किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्षरत है। महिला नेतृत्व के जुड़ने से किसान परिवारों की आवाज़ और मजबूत होगी। श्रीमती सोनी शुक्ला एवं केशव कुमार वर्मा को निर्देश दिया गया है कि वे जल्द ही सक्रिय रूप से काम शुरू करें और किसानों की जमीनी समस्याओं को उठाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
