फर्रुखाबाद:दबंगों ने किसान को खेत जोतने से रोका, दी जान से मारने की धमकी।

(द दस्तक 24 न्यूज़) थाना कायमगंज क्षेत्र के ग्राम सिनौली में एक किसान को उसकी पुश्तैनी जमीन पर खेती करने से रोकने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने दबंगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय सिंह पुत्र जयराम निवासी ग्राम सिनौली, 20 फरवरी 2025 को सुबह अपने खेत पर हल चलाने गए थे। यह जमीन उनकी पुश्तैनी संपत्ति है। उसी दौरान गांव के कुछ दबंगों, जिनमें अजय पाल, रघुवीर, अनिल यादव, जितेंद्र यादव, प्रवेश यादव, अर्पित यादव, जेपी यादव तथा कुछ अन्य अज्ञात लोग शामिल थे, लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और बंदूकों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए खेत जोतने से रोका। जब विजय सिंह ने इसका विरोध किया और अपनी जमीन का हक जताया, तो दबंगों ने उसे घेर लिया और मारपीट करने की कोशिश की। किसी तरह वह वहां से जान बचाकर भागने में सफल रहे।

भागने के दौरान दबंगों ने विजय सिंह को धमकी दी कि यदि दोबारा खेत की ओर गया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस घटना के बाद से पीड़ित और उनका परिवार भयभीत और असुरक्षित महसूस कर रहा है। पीड़ित विजय सिंह ने थाना प्रभारी, कायमगंज को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश है और ग्रामीणों ने प्रशासन से दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। शिवम शाक्य, ग्राम सिनौली, कायमगंज, फर्रुखाबाद ने यह जानकारी दी।

Leave a Comment