फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2025 जनपद के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव हैबतपुर गढ़िया में दबंगों द्वारा महिला और उसके परिजनों से मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता रजनी देवी पत्नी मांशाराम ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, गांव के ही आकाश राजपूत पुत्र राम कुमार नामक दबंग व्यक्ति कई महीनों से उसे परेशान कर रहा है और आए दिन फोन करके धमकी भरी बातें करता है। रजनी देवी का आरोप है कि आरोपी ने 9 अगस्त 2025 को उसे धमकी दी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वह उसे जबरन अपने साथ ले जाएगा।
सामाजिक दबाव के चलते रजनी देवी ने प्रारंभ में इस घटना को छुपाया, लेकिन आरोपी ने 10 अगस्त को उसके बारे में झूठी अफवाहें फैलाना शुरू कर दिया। जब पीड़िता के देवर ने आकाश राजपूत से इस हरकत पर आपत्ति जताई तो आरोपी ने अपने सहयोगी राम कुमार के साथ मिलकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया और हिंसा की।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि देर शाम दबंगों ने पीड़िता के देवर पर जानलेवा हमला कर दिया। वह किसी तरह जान बचाकर भागा, लेकिन आरोपियों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाना मऊदरवाजा में एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
