फर्रूखाबाद:भाजपा की वर्चुअल बैठक संपन्न, 21 से 29 जून तक विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2025 भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज दिनांक 20 जून शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्री फतेहचंद वर्मा ने की, जबकि जिला संगठन प्रभारी श्री शिव महेश दुबे की विशेष उपस्थिति रही। इस बैठक में आगामी पार्टी कार्यक्रमों की रणनीति तय की गई और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में जिला पदाधिकारी, सोशल मीडिया संयोजक, मंडल प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों ने भाग लिया। जिला संगठन प्रभारी श्री शिव महेश दुबे ने बताया कि 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल एवं शक्ति केंद्र पर योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 23 जून को पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में दीप पैलेस में मनाया जाएगा, जिसमें कन्नौज के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत मुख्य अतिथि होंगे।

इसके अलावा 25 जून को आपातकाल दिवस पर होटल राजपूताना में एक विशेष गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा एवं आपातकाल को ‘काला दिवस’ के रूप में याद करते हुए उससे जुड़ी घटनाओं की जानकारी दी जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी के “मन की बात” के साथ पौधारोपण

29 जून को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुना जाएगा। इसके उपरांत सभी बूथों पर पौधारोपण किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अपनी मां के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाएं।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री फतेहचंद वर्मा ने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे 21 से 29 जून तक आयोजित सभी कार्यक्रमों में संयोजक की भूमिका निभाएं एवं प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री डीएस राठौर ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री श्री हिमांशु गुप्ता, श्री सुनील रावत, जिला कोषाध्यक्ष श्री संजीव गुप्ता, जिला मंत्री श्री अमरदीप दीक्षित एवं श्री गोपाल राठौर, जिला उपाध्यक्ष श्री अतुल दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, कृष्ण मुरारी राजपूत सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा का यह व्यापक कार्यक्रम श्रृंखला जनसंपर्क, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक सहभागिता की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।