फर्रुखाबाद;(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2025 दिन सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनसंघ के संस्थापक पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को “बलिदान दिवस” के रूप में मसेनी रोड स्थित दीप पैलेस में मनाया गया। इस अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्री फतेह चंद्र वर्मा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कन्नौज के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत रहे।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र राजपूत ने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत माता के सच्चे सपूत थे जिन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि मुखर्जी जी ने ‘एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का उद्घोष कर कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाने हेतु ऐतिहासिक आंदोलन चलाया। उनकी रहस्यमयी मृत्यु कांग्रेस की नीतियों पर सवाल खड़ा करती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने साकार किया सपना
कार्यक्रम में सांसद श्री मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 और 35A हटाकर पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की भावना का सम्मान था।
जिला संगठन प्रभारी ने उठाया कांग्रेस पर सवाल
भाजपा जिला संगठन प्रभारी श्री शिव महेश दुबे ने कांग्रेस की विभाजनकारी नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस की सोची-समझी चाल थी और मुखर्जी जी का आंदोलन राष्ट्र की अखंडता को बचाने की लड़ाई था।
भाजपा का विजन – अखंड भारत
जिला अध्यक्ष श्री फतेह चंद्र वर्मा ने कहा कि आज भाजपा की सरकार ने जो निर्णय लिए हैं, वे हर देशवासी के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में पाक अधिकृत कश्मीर को भी भारत का हिस्सा बनाने का संकल्प भाजपा ही पूरा करेगी।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर दुग्ध संघ अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. रजनी सरीन, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, सुनील रावत, फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रमला राठौर, जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष ममता सक्सेना, मीरा सिंह, चित्रा अग्निहोत्री, रश्मि दुबे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
25 जून को आएंगे प्रभारी मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह
जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने जानकारी दी कि 25 जून को जिले के प्रभारी मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह आपातकाल स्मृति कार्यक्रम में शामिल होंगे और लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करेंगे।
जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति के साथ विशेष बैठक
कार्यक्रम के अंत में फर्रुखाबाद जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति के संचालन एवं पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार के निर्वाचन कार्यक्रम में भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं – सांसद मुकेश राजपूत, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक सुशील शाक्य, शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत सहित अनेक पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
