फर्रुखाबादः सरदार पटेल जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम को सफल बनाने को भाजपा की बैठक सम्पन्न।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अक्टूबर 2025 आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर आज भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 31 अक्टूबर को देश के प्रथम गृहमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर होने वाले ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में बांधने के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिनकी गूंज आज भी इतिहास के पन्नों में सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि “यदि सरदार पटेल को प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला होता तो भारत आज और भी सशक्त होता।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के विचारों को आगे बढ़ाते हुए “एक भारत श्रेष्ठ भारत” का नारा दिया और 182 मीटर ऊंची स्टैचू ऑफ यूनिटी बनाकर उनके विचारों को अमर कर दिया।

कार्यक्रम के तहत 31 अक्टूबर को फर्रुखाबाद के पटेल पार्क से ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ किया जाएगा, जिसे पूर्व मंत्री अर्चना पांडे झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चौक पर समाप्त होगी।

जिला अध्यक्ष वर्मा ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, मंडलों, विधानसभा स्तरों, मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं ताकि अधिकतम संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक इसमें भाग लें।

कार्यक्रम संयोजक पूर्व जिला महामंत्री विमल कटियार ने बताया कि रन फॉर यूनिटी में जिले के अनेक सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि “इस कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और देश एकीकरण में उनके योगदान के बारे में बताया जाएगा।”

बैठक में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष ममता सक्सेना, वीरेंद्र कठेरिया, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्वेता दुबे, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, युवा मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष अजीत महाजन, पूर्व नगर महामंत्री धीरेंद्र वर्मा, अशनील दिवाकर, धर्मेंद्र राजपूत, सभासद मधुर कटिहार, सोशल मीडिया संयोजक अभिषेक बाजपेई, अमन कटिहार, छोटू दुबे, अभिषेक त्रिवेदी एवं जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।