फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2025 भारत सरकार की ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर एक अहम कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की। कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, कार्यक्रम संयोजक/सहसंयोजक, जनप्रतिनिधि और अन्य संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यशाला में जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने आगामी हर घर तिरंगा अभियान की रूपरेखा साझा की और बताया कि यह अभियान इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता से प्रेरित होगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान देशवासियों के भीतर देशभक्ति की भावना को और प्रबल करने का कार्य करेगा। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जहां पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य पर गर्व करता है, वहीं कुछ विपक्षी नेता सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर उसका अपमान करते हैं।
अभियान की प्रमुख रूपरेखा:
7 से 8 अगस्त: मंडल स्तरीय बैठकों का आयोजन
10 से 12 अगस्त: सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं (1 से 2 किमी की दूरी)
12, 13, 14 अगस्त: स्वतंत्रता सेनानियों व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान व माल्यार्पण
14 अगस्त: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन जुलूस और संगोष्ठियों का आयोजन
संगठनात्मक तैयारियां:
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि जिले के सभी 1531 बूथों में से 1200 सक्रिय बूथों पर अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। प्रत्येक मंडल में कार्यक्रम संयोजकों की नियुक्ति कर दी गई है, और हर मंडल को भारतीय तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक स्थानों पर तिरंगा यात्रा आयोजित करें।
विधायकों का संदेश:
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अपनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सेना ने यह दिखा दिया है कि वह देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर सक्षम है।
उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी:
इस मौके पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. बी.के. गंगवार, शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, सैनिक प्रकोष्ठ सहसंयोजक वीरेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज नगर पालिका अध्यक्ष शरद गंगवार, नवाबगंज पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत, खीमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, डॉ. भूदेव सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री डीएस राठौर ने किया।
