फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2025 भारतीय किसान यूनियन स्वराज के प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना के नेतृत्व में संगठन की जिला इकाई ने टिलिया सलेमपुर के नीचे गंगा तराई क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। इस दौरान टीम ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
भाकियू स्वराज ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से मांग की है कि बाढ़ पीड़ित किसानों को जल्द राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और बाढ़ से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए। साथ ही, ढाईघाट शमसाबाद से लेकर बहबलपुर मिस्तनी तक बांध निर्माण की मांग भी की गई। संगठन ने सिंचाई विभाग के भ्रष्ट जेई को हटाने और खाद-यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग रखी, ताकि जिन किसानों की फसलें अभी बची हैं, वे समय पर खाद प्राप्त कर सकें।
भाकियू स्वराज ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को जनहित में जल्द पूरा नहीं किया गया, तो संगठन जनपद फर्रुखाबाद में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस मौके पर प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना, जिला महामंत्री मंजेश यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह गंगवार, जिला सचिव रामवीर, मीडिया प्रभारी विनीत सक्सेना, महिपाल सिंह, अनुज सक्सेना, जसवंत सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
