फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 सितम्बर 2025 जनपद में सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस महकमे की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कथित तौर पर सट्टा लगाने का खेल दिखाया गया है। इसमें दो युवकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जो सट्टे का नम्बर लिखवाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में सट्टा लिखने वाला शख्स यह दावा करता सुनाई दे रहा है कि “दारोगा अच्छे लाल पाल 15 हजार रुपये महीने लेते हैं।” यह नाम कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के हल्का इंचार्ज के रूप में सामने आया है। सट्टेबाज युवक यह भी पूछते हैं कि सट्टा लगाने में पुलिस का कोई खतरा तो नहीं है, जिस पर उन्हें आश्वस्त किया जाता है कि बिना डर के आकर नम्बर लगाएं।
मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में पिपरगाँव, मुड़गाँव, निसाई, सकवाई और उगरपुर समेत 8 से 10 गांव आते हैं, जहां यह नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका है।
इस पूरे प्रकरण पर सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। सर्विलांस टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की छवि को सवालों के घेरे में ला दिया है और अब देखना यह होगा कि जांच के बाद हकीकत क्या निकलकर सामने आती है।
