फर्रूखाबाद:बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, लापरवाह अधिकारियों पर जिलाधिकारी ने दिखाई सख्ती

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़)06 जून 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प, स्कूल चलो अभियान और पीएम सूर्यघर योजना जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों में देरी पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यों में लापरवाही बरतने पर खंड शिक्षा अधिकारी शमसाबाद और कायमगंज को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी राजेपुर के खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बीएसए (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी) द्वारा अवगत कराया गया कि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अब तक 11,937 बच्चों का नामांकन हो चुका है, जबकि 89 परिवारों की फैमिली आईडी बनना अभी शेष है।

वहीं पीएम सूर्यघर योजना के तहत जिले को 200 कनेक्शन का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, किंतु अब तक केवल 63 कनेक्शन ही हो पाए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षा से संबंधित योजनाओं और अभियानों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए, जिससे जनहित में सकारात्मक परिणाम सुनिश्चित हो सकें।