फर्रुखाबाद:नवाबगंज में मिशन शक्ति 5.0 एवं राष्ट्रीय पोषण माह 5.0 के तहत जागरूकता रैली का आयोजन

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 विकास खण्ड नवाबगंज में आज प्रातः 11 बजे मिशन शक्ति 5.0 एवं राष्ट्रीय पोषण माह 5.0 के अंतर्गत महिलाओं की जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी की अध्यक्षता में विकास खण्ड कार्यालय परिसर से हुआ।

कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी नवाबगंज, मुख्य प्रशिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, मुख्य सेविका, यूनिसेफ प्रतिनिधि, खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड समन्वयक, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी व बाल विकास परियोजना अधिकारी (मुख्य प्रशिक्षक) ने अपने संवाद में नारी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला समानता एवं भागीदारी की महत्ता पर प्रकाश डाला। इसके बाद आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं ने मातृ शक्ति के प्रदर्शन के रूप में रैली निकाली, जिसे जिला कार्यक्रम अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

लगभग 150 प्रतिभागियों वाली इस रैली में राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम से जुड़े बैनर, पोस्टर और हस्तलिखित तख्तियों के माध्यम से संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने नारे और गीतों के जरिए पोषण, शिशु देखभाल और महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।

राष्ट्रीय पोषण माह 5.0 की मुख्य थीमें रही—

1️⃣ मोटापा निवारण हेतु चीनी, नमक व तेल के उपभोग में कमी

2️⃣ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए वोकल फॉर लोकल अभियान

3️⃣ प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) / पोषण भी पढ़ाई भी

4️⃣ अभिसरण क्रिया और डिजिटलीकरण

5️⃣ शिशु एवं छोटे बच्चों के पोषण (IYCF) संबंधी व्यवहार

6️⃣ पुरुष सहभागिता (Men-streaming)

रैली के दौरान सुरक्षा के लिए एम्बुलेंस, ट्रैफिक पुलिस और सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहे। रैली का समापन नेहरू इंटर कॉलेज, नवाबगंज में हुआ।