फर्रुखाबाद:थाना कादरीगेट क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 दिसंबर 2025 महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आज थाना कादरीगेट क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112, मिशन शक्ति 5.0, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव एवं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया गया कि शासन एवं प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं आम नागरिकों को जागरूक किया गया। स्थानीय लोगों ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा करने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।