फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 नवम्बर 2025 मेजर एस.डी. सिंह विश्वविद्यालय भोजपुर फतेहगढ़ में आज मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष महिला थाना उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) आदि की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में इन नंबरों के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके साथ ही छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों एवं संकट की स्थिति में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीकों के प्रति भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने समाज में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी से “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यापकगण, छात्र-छात्राएँ एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का संदेश दिया।
