फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत तुर्कीपुर ग्राम पंचायत में जागरूकता चौपाल आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा आज विकास खण्ड शमशाबाद की ग्राम पंचायत तुर्कीपुर में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम प्रमुख सचिव (महिला कल्याण) के निर्देश एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में, जिला प्रोबेशन अधिकारी के आदेशानुसार आयोजित किया गया।

चौपाल का मुख्य विषय “घरेलू हिंसा एवं दहेज उन्मूलन” रहा। इस अवसर पर हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट निर्मला राजपूत ने घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के तहत महिलाओं के अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दहेज लेना और देना दोनों ही कानूनन अपराध हैं। साथ ही उन्होंने जनपद में संचालित वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और सरकार द्वारा जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर पूजा ने 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया और महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करने की अपील की।

कार्यक्रम में थाना मऊदरवाजा के प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर जानकारी दी और महिलाओं को ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल व अन्य साइबर अपराधों से सतर्क रहने के सुझाव दिए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान दिलशाद सिद्दीकी, साजिद खान, महिला आरक्षी, वन स्टॉप सेंटर से रवि, तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

मिशन शक्ति अभियान का यह आयोजन महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में लैंगिक समानता एवं महिला सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।