फर्रुखाबाद:महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जागरूकता चौपाल का आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 नवम्बर 2025 महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत आज ग्राम खेतलपुर सीरिया स्थित पंचायत भवन में एक जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके सुरक्षा अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

चौपाल में दल की सदस्याओं ने महिलाओं को बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और समाज में उनके प्रति सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर उपस्थित टीम ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन नंबर 112, महिला हेल्पडेस्क 181, बालिका हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी और उनके उपयोग की विधि समझाई।

इसके साथ ही उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल विवाह, और साइबर अपराधों से संबंधित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता योजनाओं से जोड़ना रहा। ग्रामीण महिलाओं ने इस चौपाल में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत जिले में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग की महिला सुरक्षित और सशक्त बन सके।