फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 नवम्बर 2025 यातायात माह के अवसर पर सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद एवं साइबर/कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस टीम द्वारा J.S. ग्रुप मेडिकल कॉलेज, फतेहगढ़ में एक विशेष सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराध से बचाव तथा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा शराब पीकर वाहन न चलाने जैसी आदतों को अपनाना आवश्यक है।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकों एवं छात्रों ने सामूहिक रूप से सड़क सुरक्षा की शपथ ली और समाज में सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है, जो एक सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
