फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अक्टूबर 2025 दीपावली के पावन पर्व पर मानवता और संवेदना की मिसाल पेश करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (फतेहगढ़) डॉ. संजय सिंह ने आज गढ़िया ढिलाबल स्थित मानसिक मंदित एवं नेत्रहीन दिव्यांगजनों के विद्यालय/आश्रम गृह पहुँचकर सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने वहां निवासरत बच्चों और बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया तथा उनके सुख-दुःख की जानकारी ली। इस दौरान एएसपी डॉ. सिंह ने सभी दिव्यांगजनों को मिठाई, फल एवं उपहार भेंट किए और उनके साथ दीप प्रज्वलित कर पर्व की खुशियाँ साझा कीं।
डॉ. संजय सिंह ने कहा कि “दीपावली सिर्फ खुशियों का त्योहार नहीं बल्कि यह एक अवसर है कि हम समाज के उन लोगों तक पहुँचें जिन्हें हमारी संवेदनाओं और सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता है।”
उनके इस मानवीय कदम से विद्यालय परिसर में हर्ष और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया। दिव्यांगजनों व संस्था संचालकों ने एएसपी का धन्यवाद ज्ञापित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण एवं संस्था के प्रबंधकगण भी उपस्थित रहे।
