फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 यातायात माह नवम्बर के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने शुक्रवार को थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न चौराहों पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान थाना कादरीगेट पुलिस एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान चलाते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई गईं, जिससे रात्रि समय में दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। अधिकारियों ने वाहन चालकों, दोपहिया सवारों एवं राहगीरों से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट वाहन न चलाने की अपील की।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं की बल्कि दूसरों की भी जान बचाई जा सकती है। वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने लोगों से यातायात संकेतों, गति सीमा और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से पालन करने का आग्रह किया।
पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
