फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2025 जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व वैधता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने किया, जिसमें फर्रुखाबाद नगर व मोहम्मदाबाद क्षेत्र में स्कूल वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान तीन स्कूली वाहनों में गंभीर खामियां पाई गईं, जिनके चलते उन्हें थाना कादरी गेट में सीज कर दिया गया। इन पर ₹50,000 का जुर्माना भी लगाया गया। इसके अलावा नगर क्षेत्र में संचालित पांच स्कूली वाहनों का चालान कर ₹70,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में चार स्कूल वाहनों का चालान किया गया और ₹42,000 का जुर्माना वसूला गया। कुल मिलाकर अभियान के तहत 9 वाहनों के चालान और ₹1,62,000 का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि यह चेकिंग अभियान आगामी 15 जुलाई तक जिलेभर में जारी रहेगा। अभियान के बाद भी यदि कोई स्कूल वाहन बिना फिटनेस या वैध दस्तावेजों के पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, जनपद में 80 स्कूली वाहन ऐसे हैं जिनकी फिटनेस समाप्त हो चुकी है। सभी स्कूल संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने सभी वाहनों के कागजात तत्काल जांच लें।
जिन स्कूलों के वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र एवं परमिट समाप्त हैं, उनकी सूची जिला विद्यालय निरीक्षक व मान्यता प्रदान करने वाले बोर्ड को भेजी जा रही है, ताकि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा सकें।
