फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अक्टूबर 2025 मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत थाना अमृतपुर की एंटी रोमियो टीम एवं महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुम्हरोर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने विद्यालय की छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षित परिस्थिति में वे तुरंत पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं।
टीम ने छात्राओं को महत्वपूर्ण सरकारी हेल्पलाइन नंबरों —
1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला शक्ति केंद्र), 112 (आपातकालीन सेवा), और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) — की जानकारी दी तथा इनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व के प्रति भी प्रेरित किया गया और मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान के संदेश को साझा किया गया।
थाना अमृतपुर पुलिस ने बताया कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे ताकि समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बन सके।
